एससीडब्ल्यू ने कई आरोपियों से जुड़े विदेशी वीजा और रोजगार धोखाधड़ी मामले में एफआईआर की दर्ज
जम्मू, 08 अगस्त (हि.स.)। जम्मू की अपराध शाखा की विशेष अपराध शाखा (एससीडब्ल्यू) ने शनिवार को कई आरोपियों से जुड़े विदेशी वीजा और रोजगार धोखाधड़ी मामले में एफआईआर दर्ज की। यह मामला डोडा जिले के कई निवासियों द्वारा दायर संयुक्त लिखित शिकायत से शुरू हुआ।
एससीडब्ल्यू के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि किश्तवाड के दच्छन इलाके के निवासी बिलाल अहमद जो वर्तमान में दुबई में रह रहा है ने उन्हें दुबई में वीजा और रोजगार दिलाने का वादा करके बहकाया। उन्होंने बताया कि इन आश्वासनों पर अमल करते हुए शिकायतकर्ताओं ने आरोपियों के निर्देशानुसार विभिन्न व्यक्तियों के बैंक खातों में बड़ी रकम स्थानांतरित कर दी।
प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि धनराशि यासिर अरफत, आशिक हुसैन और मोइन खान के बैंक खातों के माध्यम से भेजी गई थी जो मुख्य आरोपी के साथ समन्वय में काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया साक्ष्य से संकेत मिलता है कि यह एक सुनियोजित आपराधिक साजिश थी जिसमें कई लोग शामिल थे जिन्होंने विदेश में रोजगार दिलाने के बहाने भोले-भाले नौकरी के इच्छुक लोगों को धोखा दिया।
तदनुसार आरोपियों के खिलाफ कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत औपचारिक मामला दर्ज किया गया है और जांच का मुख्य उद्देश्य धन के स्रोत का पता लगाना, प्रत्येक आरोपी की भूमिका की पहचान करना और पीड़ितों को न्याय दिलाना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

