प्रदर्शनों के चलते कश्मीर में एक सप्ताह तक बंद रहे शिक्षण संस्थान खुले
श्रीनगर 09 मार्च (हि.स.)। अमेरिका-इजराइल के हवाई हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में हुए प्रदर्शनों के चलते कश्मीर में एक सप्ताह तक बंद रहे शिक्षण संस्थान सोमवार को खुल गए।
एक अधिकारी ने बताया कि स्कूल और अन्य उच्च शिक्षण संस्थान आज से फिर से काम शुरू कर रहे हैं। सोमवार सुबह स्कूल यूनिफॉर्म पहने विभिन्न आयु वर्ग के छात्र अपने-अपने संस्थानों की ओर रवाना हुए। 28 फरवरी को खामेनेई की हत्या के बाद घाटी में हुए प्रदर्शनों के चलते पिछले सोमवार से स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय एक सप्ताह के लिए बंद कर दिए गए थे।
शीतकालीन अवकाश के बाद माध्यमिक स्कूल और उच्च शिक्षण संस्थान 23 फरवरी को खुल गए थे जबकि मध्य और प्राथमिक स्कूलों को 2 मार्च को खुलना था लेकिन प्रदर्शनों के कारण इसमें देरी हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

