home page

तेज बहाव में फंसे पांच लोगों को सांबा पुलिस ने बचाया, बड़ी त्रासदी टली

 | 
तेज बहाव में फंसे पांच लोगों को सांबा पुलिस ने बचाया, बड़ी त्रासदी टली


सांबा, 05 जुलाई (हि.स.)। सांबा पुलिस ने बहादुरी और तत्परता का परिचय देते हुए बसंतर नदी के तेज बहाव में फंसे पांच लोगों की जान बचाकर एक बड़ी त्रासदी टाल दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सांबा को सूचना मिली कि अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण थाना परिसर के पीछे बह रही बसंतर नदी में पांच लोग तेज धारा में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर परवेज अहमद खांडे अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।

यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सांबा अनुज कुमार (आईपीएस) के निर्देशों तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और डीएसपी मुख्यालय सांबा की निगरानी में चलाया गया। कठिन परिस्थितियों और तेज बहाव के बावजूद पुलिस टीम ने साहस, सूझबूझ और समन्वय का परिचय देते हुए सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन ने सांबा पुलिस की तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय दृष्टिकोण को एक बार फिर उजागर किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम विशेषकर इंस्पेक्टर परवेज अहमद खांडे की सराहना करते हुए उनके साहस और पेशेवर दक्षता की प्रशंसा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया