सांबा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बारी ब्राह्मणा में कुख्यात महिला ड्रग तस्कर की 21 लाख रुपये की संपत्ति ज़ब्त की
सांबा 18 जुलाई (हि.स.)। 'नशा मुक्त अभियान' के तहत ड्रग नेटवर्क के खिलाफ़ कार्रवाई जारी रखते हुए सांबा पुलिस ने कुख्यात महिला ड्रग तस्कर शीमा बीबी पिता रहमत अली निवासी फांगसल बिश्नाह वर्तमान पता अपर बलोले बारी ब्राह्मणा ज़िला सांबा की लगभग 21 लाख रुपये की संपत्ति ज़ब्त की है। इसमें एक कच्चा घर और मवेशी शामिल हैं। यह कार्रवाई पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68- ई और 68- एफ के तहत की।
पुलिस की जांच के दौरान लगभग 21 लाख रुपये मूल्य के इस घर और मवेशियों की पहचान अवैध रूप से हासिल की गई संपत्ति के तौर पर की गई। शुरुआती जांच से पता चला है कि यह संपत्ति ड्रग तस्कर द्वारा नशीले पदार्थों और साइकोट्रोपिक पदार्थों की अवैध तस्करी से बनाई गई थी।
बता दें कि आरोपी शीमा बीबी एक कुख्यात महिला ड्रग तस्कर है जिस पर पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था और वह अभी ज़िला जेल भद्रवाह में बंद है। यह ठोस कार्रवाई ड्रग के कारोबार को खत्म करने अवैध संपत्ति को निशाना बनाने और भविष्य के अपराधियों को रोकने के लिए पुलिस की लगातार प्रतिबद्धता को दिखाती है।
इलाके के लोगों ने ड्रग तस्करों के खिलाफ़ सांबा पुलिस की इस अभूतपूर्व पहल की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

