home page

मंत्री सकीना इटू ने कठुआ ड्रग टेस्टिंग लैब और जीएमसी का किया निरीक्षण

 | 
मंत्री सकीना इटू ने कठुआ ड्रग टेस्टिंग लैब और जीएमसी का किया निरीक्षण


कठुआ, 16 नवंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने सोमवार को कठुआ स्थित आधुनिक ड्रग टेस्टिंग प्रयोगशाला और सरकारी मेडिकल कॉलेज का दौरा कर स्वास्थ्य सुविधाओं, उपलब्ध बुनियादी ढांचे तथा जारी विकास कार्यों की समीक्षा की।

ड्रग टेस्टिंग लैब के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने लंबित दवा नमूनों की जांच प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी करने और समयबद्ध रिपोर्ट जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लैब के सुचारू संचालन के लिए जेकेएमएससीएल की ओर से कर्मचारियों को पांच माह का अग्रिम वेतन देने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दो निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए। इसके बाद जीएमसी कठुआ में समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर करने की प्रक्रिया केवल गंभीर मामलों तक सीमित रखी जाए और जीएमसी में उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ मरीजों को मिले। उन्होंने लंबित बुनियादी ढांचा विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में बताया गया कि जीएमसी के एसोसिएटेड अस्पताल में 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण जारी है जिसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा पावरग्रिड की सीएसआर पहल के तहत संस्थान को 128-स्लाइस सीटी स्कैनर उपलब्ध करवाया गया है।

जीएमसी ने कैंसर उपचार एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए होमी भाभा कैंसर अस्पताल, चंडीगढ़ और आईआईआईएम जम्मू के साथ समझौते भी किए हैं। इस अवसर पर उपायुक्त राजेश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जीएमसी के प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर अत्री तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया