home page

एसपीओ की हत्या पर सकीना इटू ने भाजपा विधायक के मस्जिद संबंधी घोषणा के दावे को बताया 'गैरजिम्मेदाराना'

 | 

जम्मू, 16 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की मंत्री सकीना इटू ने सोमवार को भाजपा विधायक शगुन परिहार के उस दावे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, गैर-जिम्मेदाराना और अनुचित बताया जिसमें उन्होंने कहा था कि किश्तवाड़ जिले में दो सुरक्षाकर्मियों की हत्या से पहले मस्जिद से घोषणाएं की गई थीं। उन्होंने शगुन परिहार से अपने बयान वापस लेने और केंद्र शासित प्रदेश की जनता से माफी मांगने का आग्रह किया।

एचडी पुरा से नेशनल कॉन्फ्रेंस की विधायक ने एक पोस्ट में कहा कि समुदायों के बीच भाईचारा, आपसी सम्मान और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व हमेशा से जम्मू-कश्मीर की सबसे बड़ी ताकत रही है। इटू ने कहा कि भाजपा विधायक शगुन परिहार के हवाले से मस्जिदों को हत्याओं से जोड़ने वाला बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, गैर-जिम्मेदाराना और पूरी तरह से अनुचित है। सदियों पुरानी साझा विरासत और भाईचारे पर बने समाज में इस तरह के निराधार सांप्रदायिक आरोपों की कोई जगह नहीं है।

सामाजिक कल्याण और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने कहा कि जन प्रतिनिधियों को बयान देते समय संयम और जिम्मेदारी बरतनी चाहिए, खासकर उन मुद्दों पर जो सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ सकते हैं। किश्तवाड़ जिले के निवासी विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) पिछले गुरुवार को दच्छन वन क्षेत्र में मृत पाए गए। वे पड़ोसी मरवाह तहसील के बसनांद स्थित सुरक्षा चौकी जाते समय एक दिन पहले लापता हो गए थे। एक वीडियो में किश्तवाड़ की विधायक परिहार दोनों शहीद एसपीओ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिखाई दे रही हैं। वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर दावा किया है कि हत्याओं से पहले एक मस्जिद से घोषणाएं की गई थीं और उन्होंने इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई में देरी पर सवाल उठाया है।

इतू ने परिहार से अपने बयान वापस लेने और जम्मू-कश्मीर के लोगों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय से माफी मांगने का आग्रह किया। इतू ने कहा कि जन प्रतिनिधियों को पुल बनाने चाहिए, विभाजन को गहरा नहीं करना चाहिए। हमारी एकता हमारी ताकत है, हमारा भाईचारा हमारी विरासत है और शांति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता