ग्रामीण पुलिस जम्मू ने चोरी के दो मामले सुलझाए, दो आरोपी गिरफ्तार
जम्मू,, 09 सितंबर (हि.स.)।
ग्रामीण पुलिस जम्मू ने दोमाना थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के दो मामलों को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 2 लाख रुपये नकद समेत कुल करीब 17 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है।
दोनों मामले दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान डोमाना थाना पुलिस की टीमों ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरहा ब्राह्मणा निवासी शुभम कुमार और भगवती नगर निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने के दौरान आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कूटी का इस्तेमाल करते थे ताकि अपनी पहचान छिपाकर पुलिस से बच सकें। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में दोनों की विभिन्न थानों में दर्ज पूर्व के कई मामलों में संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि अन्य चोरी की वारदातों में उनकी भूमिका का पता लगाने और अतिरिक्त चोरी की संपत्ति बरामद करने के लिए जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

