रुहुल्लाह मेहदी ने एक नाबालिग लड़की की मौत के बाद नैतिक मूल्यों में गिरावट और संस्थागत विफलता पर की चिंता व्यक्त की
बड़गाम, 25 मई (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने आज मध्य कश्मीर के बड़गाम जिले के गलवानपोरा का दौरा किया और एक नाबालिग लड़की की मौत के बाद नैतिक मूल्यों में गिरावट और संस्थागत विफलता पर चिंता व्यक्त की। पुलिस का कहना है कि इस मामले में प्रथम दृष्टया बलात्कार और हत्या का मामला प्रतीत होता है।
मृतका के परिवार से मिलने और पत्रकारों से बात करते हुए रहुल्लाह ने कहा कि बच्चों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं तेजी से चिंताजनक होती जा रही हैं और उन्होंने कानून के सख्त पालन और त्वरित न्याय की मांग की।
रुहुल्लाह ने कहा कि ये घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस, न्यायपालिका और सरकार का यह कर्तव्य और दायित्व है कि वे कड़े कानूनों को लागू करें और दोषियों को कड़ी सजा दें।
उन्होंने कहा कि इस घटना ने समाज की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार संस्थानों की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि उन संस्थानों पर सवाल उठ रहे हैं जो कानूनों को अक्षरशः और भावनापूर्वक लागू करने में विफल रहे हैं।
सांसद ने आरोप लगाया कि जहां पुलिस अक्सर असहमति को दबाने और सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम जैसे कड़े कानूनों को लागू करने में तत्परता दिखाती है, वहीं कमजोर पीड़ितों से जुड़े अपराधों में ऐसी ही तत्परता की उम्मीद की जाती है। उन्होंने पूछा कि पुलिस असहमति को दबाने और सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम जैसे कानून को तुरंत लागू करने में तत्पर है लेकिन ऐसे मामलों में पुलिस की इच्छाशक्ति और शक्ति कहां जाती है?
हालांकि रुहुल्लाह ने उम्मीद जताई कि जांच एजेंसियां निर्णायक कार्रवाई करेंगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएंगी। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि पीड़ित के माता-पिता को न्याय मिलेगा। पीड़ित की दिनचर्या का जिक्र करते हुए रुहुल्लाह ने कहा कि इस त्रासदी ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर जनता की चिंता को और बढ़ा दिया है। पीड़ित मदरसा जा रही थी। अगर बच्चे मदरसा जाते समय भी सुरक्षित नहीं हैं, तो वे कहां सुरक्षित हैं।
उन्होंने पुलिस से मामले को तेजी से सुलझाने और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने का आग्रह किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

