जसरोटा विधानसभा क्षेत्र में ₹1.01 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन
कठुआ, 02 मई (हि.स.)। जसरोटा क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए विधायक राजीव जसरोटिया ने शनिवार को 1 करोड़ 1 लाख की लागत से तैयार विभिन्न सड़क एवं सुरक्षा कार्यों का उद्घाटन किया।
इन परियोजनाओं के तहत परनन्नन में पीडब्ल्यूडी लिंक रोड के साथ 16 लाख की लागत से सुरक्षा दीवार का निर्माण किया गया है जिससे सड़क को कटाव से बचाया जा सके।
वहीं डूंगा घाटी लिंक रोड पर 5 लाख की लागत से सुरक्षा कार्य पूरे किए गए हैंताकि खराब मौसम में सड़क को नुकसान से बचाया जा सके। इसके अलावा 80 लाख की लागत से बनी सफैन लिंक रोड इस परियोजना का मुख्य आकर्षण रही जिससे क्षेत्र के लोगों की आवाजाही आसान होगी और यात्रा समय में कमी आएगी।
इस अवसर पर विधायक राजीव जसरोटिया ने कहा कि सड़क संपर्क ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की रीढ़ है जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और इन परियोजनाओं का स्वागत किया। अधिकारियों ने बताया कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरे किए गए हैं और इनके रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि बेहतर सड़क सुविधाओं से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

