home page

कश्मीर संभाग में जल योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध व पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर

 | 
कश्मीर संभाग में जल योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध व पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर


जम्मू, 03 मार्च (हि.स.)। जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा ने मंगलवार को कश्मीर संभाग में चल रही पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में पेयजल आपूर्ति और सिंचाई परियोजनाओं की भौतिक व वित्तीय स्थिति का आकलन किया गया।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में और पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने योजना निर्माण से लेकर क्रियान्वयन तक गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि टिकाऊ और स्थायी आधारभूत ढांचा तैयार हो सके।

कुछ क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति में व्यवधान की शिकायतों पर चिंता जताते हुए उन्होंने तत्काल समाधान और शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। आगामी फसल सीजन को देखते हुए नहरों की सफाई, मशीनरी की मरम्मत तथा पारंपरिक कुलों (कुल्हों) की बहाली पर विशेष ध्यान देने को कहा। बाढ़ नियंत्रण तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने संवेदनशील व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक कार्य समय पर पूरा करने और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर में जल ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया