home page

कठुआ में पोषण आपूर्ति की समीक्षा, डीसी ने दिए सख्त गुणवत्ता जांच के निर्देश

 | 
कठुआ में पोषण आपूर्ति की समीक्षा, डीसी ने दिए सख्त गुणवत्ता जांच के निर्देश


कठुआ, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में पोषण के तहत सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन प्रोग्राम की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने डीसी कार्यालय परिसर में की।

बैठक में बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाले पोषण आहार की खरीद, गुणवत्ता, वितरण और निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने निर्धारित गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण स्तर की जांच के लिए फील्ड विजिट बढ़ाई जाए तथा सभी स्तरों पर जवाबदेही तय हो। उन्होंने आईसीडीएस, स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य विभागों के समन्वय को जरूरी बताते हुए कहा कि प्रभावी निगरानी और जनभागीदारी से ही पोषण मिशन के लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। बैठक में समिति की संरचना व कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। इससे पहले आईसीडीएस के प्रोग्राम अधिकारी ने जिले में चल रही पोषण गतिविधियों और लाभार्थियों की जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्रोग्राम अधिकारी मोहम्मद सईद, मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर, जिला समाज कल्याण अधिकारी, सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया