भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक
जम्मू, 03 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों की समीक्षा बैठक को संबोधित किया। बैठक में भाजपा महासचिव संजीता डोगरा, बलदेव सिंह बिलावरिया, अभियान के प्रभारी गोपाल महाजन तथा सभी प्रकोष्ठों के प्रभारी वेद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को जम्मू-कश्मीर में भाजपा के प्रकोष्ठों से जुड़े कार्यकर्ता एक लाख दीये जलाएंगे। उन्होंने सभी प्रकोष्ठ पदाधिकारियों से हर जिले और प्रत्येक ब्लॉक में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा ताकि महीने भर चलने वाला अभियान जमीनी स्तर तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत केंद्र सरकार की उपलब्धियों, कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी तथा सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने हाल के संगठनात्मक कार्यक्रमों में प्रकोष्ठ कार्यकर्ताओं की भागीदारी की सराहना करते हुए कश्मीर क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रकोष्ठ प्रभारियों और संयोजकों से अधिक प्रवास करने तथा अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का आह्वान किया। भाजपा महासचिव संजीता डोगरा ने सभी प्रकोष्ठों के बीच समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जबकि बलदेव सिंह बिलावरिया ने अनुशासित संगठनात्मक भागीदारी और जमीनी स्तर पर कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन की आवश्यकता बताई। अभियान प्रभारी गोपाल महाजन ने कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी और समन्वय पर बल दिया।
वेद शर्मा ने अभियान की तैयारियों और अब तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों के लिए टीमें गठित की गई हैं और प्रत्येक कार्यक्रम के लिए दो सदस्यीय टीम जिम्मेदारी संभालेगी। उन्होंने कहा कि महीने भर चलने वाले अभियान के तहत 11 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिन्हें जम्मू-कश्मीर के हर ब्लॉक, जिले और बूथ तक ले जाने की योजना है। बैठक की कार्यवाही मुनिश खजूरिया ने संचालित की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

