पुंछ जिले के हिल काका गांव के निवासी अभी भी बिजली का कर रहे बेसब्री से इंतजार
पुंछ, 08 अक्टूबर (हि.स.)। पुंछ जिले के हिल काका गांव के निवासी बिजली का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। प्रस्तावित विद्युतीकरण परियोजना पर काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है जबकि पिछले साल इसके लिए धनराशि जारी कर दी गई थी।
इस मुद्दे को उठाते हुए अनंतनाग-राजौरी से नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद मियां अल्ताफ अहमद ने कहा कि उन्होंने विद्युत विकास विभाग (पीडीडी) के प्रधान सचिव से इस बारे में बात की थी। मियां अल्ताफ के अनुसार प्रधान सचिव ने उन्हें आश्वासन दिया कि परियोजना पर काम जल्द ही शुरू हो जाएगा।
मियां अल्ताफ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 2026 में भी पुंछ ज़िले के हिल काका गांव के निवासियों के लिए बिजली एक दूर का सपना ही है। पिछले साल कुछ धनराशि जारी की गई थी लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले को पीडीडी के प्रधान सचिव के सामने उठाया था जिन्होंने आश्वासन दिया कि काम जल्द ही शुरू हो जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

