रिफॉर्म उत्सव 2026-कठुआ की छह और पंचायतों में ग्राम सभाएं, अब तक 14 पंचायतों तक पहुंचा अभियान
कठुआ, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ की ओर से रिफॉर्म उत्सव 2026 के तहत जिले के विभिन्न ब्लॉकों की छह पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही अब तक जिले की 14 पंचायतों को इस अभियान के तहत कवर किया जा चुका है।
ये ग्राम सभाएं ब्लॉक बनी की पंचायत बंधार, बरनोटी की अमाला, कठुआ की भेड़ बलोड़, कीड़ियां गंडियाल की धना, मढ़हीन की बन्न और नगरोटा गुजरू की अमुआला पंचायत में आयोजित की गईं। सभाओं के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को प्रशासनिक सुधारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, पात्रता मानदंडों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और कोई भी योग्य परिवार सहायता से वंचित न रहने पर जोर दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांवों में बुनियादी सुविधाओं, ढांचागत विकास और जारी कार्यों से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे।
जिला प्रशासन ने बताया कि अभियान चरणबद्ध तरीके से जिले की सभी पंचायतों तक पहुंचाया जाएगा ताकि लोगों की भागीदारी बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति दी जा सके
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

