रियासी पुलिस ने 67 खोए हुए मोबाइल फोन किए बरामद
रियासी, 5 अक्टूबर, (हि.स.)। साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए रियासी पुलिस ने अगस्त-सितंबर 2026 के दौरान 12.60 लाख कीमत के 67 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके साथ ही बरामद किए गए और उनके असली मालिकों को सौंपे गए मोबाइल फोन की कुल संख्या 273 हो गई है। इसमें 24 जुलाई 2026 को सौंपे गए 206 फोन भी शामिल हैं।
इसके अलावा रियासी पुलिस ने 2026 में साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुए लोगों के 36.12 लाख का पता लगाने में भी सफलता हासिल की है जिससे नागरिकों को तुरंत साइबर सहायता देने और उनकी डिजिटल संपत्ति की सुरक्षा करने के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता फिर से साबित होती है।
रियासी के साइबर पुलिस स्टेशन ने स्थानीय निवासियों के साथ-साथ श्री माता वैष्णो देवी मंदिर और शिव खोड़ी मंदिर आने वाले तीर्थयात्रियों के 67 खोए हुए मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें बरामद किया। बरामद फोन जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके असली मालिकों को सौंपे जा रहे हैं। जो तीर्थयात्री पहले ही जिले से जा चुके हैं, उनके बरामद मोबाइल फोन कूरियर/पार्सल सेवाओं के जरिए उनके पते पर भेजे जाएंगे ताकि उन्हें अपना सामान आसानी से वापस मिल सके।
एक और बड़ी कामयाबी में, साइबर पुलिस स्टेशन ने 2026 के दौरान दर्ज साइबर धोखाधड़ी के विभिन्न मामलों में पीड़ितों द्वारा गंवाए गए 36.12 लाख का पता लगाकर उन्हें बरामद किया है। इस रकम में से 23.60 लाख अदालत के जरूरी आदेश मिलने के बाद पीड़ितों को वापस किए जा चुके हैं। बाकी बरामद रकम अभी कानूनी प्रक्रिया के तहत है और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने पर असली हकदारों को जारी कर दी जाएगी।
रियासी पुलिस ने नागरिकों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मोबाइल फोन खोने की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या पुलिस चौकी में दें। खोए हुए मोबाइल फोन की सूचना देते समय आईएमईआई नंबर जरूर बताएं क्योंकि डिवाइस का पता लगाने और उसे बरामद करने के लिए यह बहुत जरूरी है। -
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

