रविंदर पंडिता ने उप-राज्यपाल सिन्हा से मुलाकात की, नियंत्रण रेखा के पास स्थित माँ शारदा मंदिर से जुड़े मामलों पर चर्चा की
श्रीनगर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। 'सेव शारदा कमिटी' के चेयरमैन रविंदर पंडिता ने बुधवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की और जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा ज़िले में नियंत्रण रेखा के पास स्थित माँ शारदा मंदिर से जुड़े मामलों पर चर्चा की।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि 'ऑल इंडिया कश्मीरी समाज' के अध्यक्ष पंडिता ने माँ शारदा मंदिर के विकास से जुड़े अहम मुद्दे उठाए। मुलाकात के दौरान पंडिता के साथ महावीर थूसू भी मौजूद थे।
पंडिता ने सीमावर्ती और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा की जिसमें टीटवाल में 'यात्री निवास' बनाना भी शामिल है।
उन्होंने उपराज्यपाल को बताया कि शारदा मंदिर आने वाले लोगों की संख्या में काफ़ी बढ़ोतरी हुई है और इस साल यहाँ आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 10,000 का आँकड़ा पार कर गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

