रंगयुग ने शुरू किया समर इंटर्नशिप कार्यक्रम, छात्रों को मिलेगा कला और व्यक्तित्व विकास का मंच
जम्मू, 22 जून (हि.स.)। रंगयुग परफॉर्मिंग आर्ट्स फाउंडेशन ने आज सरकारी एमएएम कॉलेज जम्मू के विद्यार्थियों के लिए समर इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को प्रदर्शन कलाओं के माध्यम से अनुभवात्मक और कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करना है। करीब 50 छात्र-छात्राओं के लिए तैयार किए गए इस कार्यक्रम में थिएटर, संगीत, नृत्य, वॉयस एवं स्पीच, एंकरिंग, रचनात्मक लेखन और अन्य कला विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्घाटन समारोह में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार वर्मा मुख्य अतिथि तथा संगीत विभाग की अध्यक्ष डॉ. शिवानी रैना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में प्रो. संजय कुमार वर्मा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं डॉ. शिवानी रैना ने कहा कि संगीत और प्रदर्शन कलाएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और भावनात्मक अभिव्यक्ति को सशक्त बनाती हैं। रंगयुग के निदेशक दीपक कुमार ने कहा कि प्रदर्शन कलाएं केवल मंचीय प्रस्तुति तक सीमित नहीं हैं बल्कि वे संवाद, सहयोग और व्यक्तिगत विकास का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा कार्यशालाएं, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

