home page

रामबन में स्कॉर्पियो से नाका तोड़ने और पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

 | 

रामबन, 07 अगस्त (हि.स.)।

रामबन ज़िले में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उस पर आरोप है कि उसने अपनी स्कॉर्पियो एसयूवी से पुलिस सुरक्षा चेक पोस्ट (नाका) को तोड़ने और सुरक्षाकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। यह जानकारी रामबन के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (एसएसपी) अरुण गुप्ता ने दी।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुप्ता ने बताया कि काली स्कॉर्पियो (जेके02 एके-1743) जे पी लिंक रोड से होते हुए कुनफ़र, चंदरकोट स्थित नाके पर पहुँची। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने रूटीन चेकिंग के लिए गाड़ी को रुकने का इशारा किया लेकिन ड्राइवर ने बार-बार दिए गए निर्देशों को नज़रअंदाज़ किया। उसने गाड़ी की रफ़्तार बढ़ाई और नाके पर तैनात कर्मियों को कुचलने की कोशिश की जिसके बाद ड्यूटी पर मौजूद एक पुलिसकर्मी को अपनी सर्विस राइफ़ल से चेतावनी के तौर पर तीन गोलियां चलानी पड़ीं।

एसएसपी ने कहा कि ड्राइवर ने जानबूझकर नाके को नज़रअंदाज़ किया और वहाँ तैनात कर्मियों को कुचलने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों की जान को खतरा महसूस करते हुए ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने चेतावनी के तौर पर तीन गोलियां चलाईं।

इस घटना के बाद चंदरकोट पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109, 132 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। इसके तुरंत बाद रामबन पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप, सीआरपीएफ और सेना का एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। ऑपरेशन के दौरान एक आरोपी को पकड़ा गया जिसकी पहचान उधमपुर ज़िले के क्रीमची, मानसर निवासी बरकत अली के बेटे अल्ताफ़ मोहम्मद के तौर पर हुई।

अधिकारी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी बरामद कर ज़ब्त कर लिया गया है। गुप्ता ने बताया कि ज़िला मोबाइल फोरेंसिक यूनिट ने गाड़ी से फोरेंसिक सबूत इकट्ठा किए हैं जबकि मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह