home page

रामबन में स्लीपर बस पलट जाने से करीब 25 यात्री मामूली रूप से घायल

 | 

रामबन, 01 अक्टूबर (हि.स.)।

गुरुवार को रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर मारूग के पास श्रीनगर से जम्मू की ओर आ रही पश्चिम बंगाल में पंजीकृत एक स्लीपर बस (डब्ल्यूबी39के-2929) के डाउन ट्यूब में पलट जाने से करीब 25 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि पुलिसकर्मियों, एसडीआरएफ, सीआरपीएफ, सेना और सिविल क्यूआरटी रामबन के स्वयंसेवकों की सहायता से घायल यात्रियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रामबन ले जाया गया।

ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के समय बस में 58 यात्रियों की बैठने की क्षमता थी और उसमें 55 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद यातायात सुगम बनाने के लिए प्रभावित ट्यूब से एक लेन खोल दी गई है। एसएसपी ट्रैफिक एनएचडब्ल्यू रामबन राजा आदिल हमीद, एडीसी रामबन वरुणजीत सिंह चरक, एसीआर रामबन शौकत हयात मट्टू और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह