home page

जीसीओई जम्मू में रैली और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित

 | 
जीसीओई जम्मू में रैली और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित


जम्मू, 11 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सप्ताहभर के कार्यक्रमों के तहत गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन (जीसीओई), जम्मू में रैली और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, रचनात्मकता, राष्ट्रीय एकता और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम से जुड़े विचारों को रचनात्मक एवं प्रभावशाली नारों के माध्यम से प्रस्तुत किया। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ज्योति परिहार ने विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय मूल्यों और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रो. सतीश, डॉ. दविंदर कौर, शालिनी राणा और डॉ. अंबिका कुमारी के निर्णायक मंडल ने किया। प्रविष्टियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, मौलिकता, विषय की प्रासंगिकता और प्रस्तुति के आधार पर किया गया। बीएड सेमेस्टर तृतीय की मोनिका शर्मा ने प्रथम, आईटीईपी सेमेस्टर तृतीय की रिद्धि जामवाल ने द्वितीय तथा आईटीईपी सेमेस्टर प्रथम की प्रतिभा सलोरिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। कॉलेज प्रशासन ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह को सार्थक बनाने में उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. शुभ्रा जम्वाल, डॉ. राकेश भारती, प्रो. रमजान और प्रो. राजेश मनहास के मार्गदर्शन एवं देखरेख में किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा