गंग्याल का राजीव गांधी पार्क बदहाल, रात में नशेड़ियों का अड्डा बनने का आरोप
जम्मू,, 01 अक्टूबर (हि.स.)।
राजीव गांधी पार्क बदहाल, शाम ढलते ही नशेड़ियों का अड्डा बनने का आरोप स्थानीय लोगों में नाराजगी जम्मू के गंग्याल स्थित वार्ड नंबर 56 का राजीव गांधी पार्क बदहाली और कथित नशाखोरी की समस्या से जूझ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस पार्क को बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के टहलने और परिवारों के लिए सुरक्षित जगह होना चाहिए था, वहां शाम ढलते ही माहौल बदल जाता है। लोगों का कहना है कि रात के समय असामाजिक तत्वों और नशा करने वालों की मौजूदगी के कारण महिलाएं और परिवार पार्क में जाने से कतराते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह पार्क में जगह-जगह शराब की खाली बोतलें, दवाइयों की शीशियां और कैप्सूल के खाली पत्ते दिखाई देते हैं। इसके अलावा बढ़ी हुई घास, जगह-जगह फैली गंदगी और कचरे से भरे डस्टबिन पार्क की खराब हालत बयां कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से पार्क की नियमित सफाई और देखरेख नहीं की गई।
पार्क में पौधरोपण करने वाली एक युवती ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले यहां 65 पौधे लगाए गए थे ताकि हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सके। उनका दावा है कि उचित देखभाल और रखरखाव नहीं होने के कारण इनमें से एक भी पौधा जीवित नहीं बचा।
पार्क की दूसरी सुविधाएं भी बदहाल बताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार चारदीवारी कई जगह से कमजोर हो चुकी है और बच्चों के झूले भी टूटे पड़े हैं। आरोप है कि जम्मू नगर निगम और उसके फूल-खेती विभाग की ओर से पार्क के रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।
स्थानीय लोगों ने गंग्याल पुलिस से भी पार्क और आसपास रात के समय गश्त बढ़ाने तथा कथित नशाखोरी पर अंकुश लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि नगर निगम में निर्वाचित पार्षदों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे सार्वजनिक स्थलों की नियमित निगरानी करें।
अब सवाल यह है कि जिस पार्क को इलाके के लोगों के लिए सुकून और सुरक्षित माहौल देना था, उसकी ऐसी हालत के लिए जवाबदेही किसकी है? स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन तत्काल पार्क की सफाई करवाए, टूटी सुविधाओं की मरम्मत करे, पौधरोपण और हरियाली को दोबारा विकसित करे तथा रात में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

