home page

जम्मू-कश्मीर के जम्मू में भारी बारिश की आशंका

 | 

श्रीनगर, 04 सितंबर (हि.स.)।श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार जम्मू और कश्मीर में शुक्रवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है जबकि कुछ स्थानों पर विशेष रूप से दोपहर और देर रात से लेकर सुबह तक संक्षिप्त तीव्र बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने कहा कि देर रात और सुबह के समय मुख्य रूप से जम्मू संभाग में मध्यम बारिश के साथ संक्षिप्त तीव्र से भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि 4 सितंबर को कुछ इलाकों में संक्षिप्त लेकिन तीव्र बारिश से अचानक बाढ़, भूस्खलन और मिट्टी का खिसकना हो सकता है खासकर संवेदनशील क्षेत्रों में।

5 से 10 सितंबर तक जम्मू और कश्मीर में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है हालांकि छिटपुट स्थानों पर संक्षिप्त बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

पूर्वानुमान के अनुसार 11 से 15 सितंबर तक मौसम फिर से अस्थिर रहेगा। इस दौरान छिटपुट स्थानों पर संक्षिप्त बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, साथ ही कभी-कभी तीव्र बौछारें भी पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं किसान स्थानीय मौसम की स्थिति के अनुसार कटाई और अन्य कृषि कार्य जारी रख सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता