home page

जम्मू-कश्मीर में मंगलवार सुबह से बारिश और बर्फबारी की संभावना

 | 

जम्मू, 06 अप्रैल (हि.स.)। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई है। मंगलवार सुबह से बुधवार शाम तक रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। इस दौरान ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है।

पूर्वानुमान के अनुसार जम्मू और कश्मीर दोनों ही डिवीजनों के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल को कुछ स्थानों पर गरज, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। यह भी चेतावनी दी है कि थोड़े समय के लिए तेज बारिश से संवेदनशील क्षेत्रों में अचानक बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है।

मौसम विभाग ने कहा कि 9 और 10 अप्रैल को ऊंचे पहाड़ी इलाकों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 11 अप्रैल से 16 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि दोपहर के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

इस बीच केंद्र शासित प्रदेश में न्यूनतम रात्रि तापमान में भिन्नता देखी गई। कश्मीर डिवीजन के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा जबकि जम्मू डिवीजन के कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 0-3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

कश्मीर डिवीजन में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुलमर्ग में दर्ज किया गया, जहां पारा माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार जम्मू डिवीजन में सबसे ठंडा स्थान भदरवाह रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह