home page

जम्मू और कश्मीर में 11 से 13 मई तक बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना

 | 

श्रीनगर, 08 मई (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने जम्मू और कश्मीर में 10 मई तक सामान्यतः शुष्क मौसम का पूर्वानुमान लगाया है जबकि 11 से 13 मई तक बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।

मौसम संबंधी सलाह के अनुसार 8 और 9 मई को क्षेत्र में सामान्यतः शुष्क मौसम रहने की उम्मीद है हालांकि कुछ स्थानों पर दोपहर बाद हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। 10 मई को शाम तक मौसम अधिकतर शुष्क रहने की संभावना है जिसके बाद शाम और रात के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने 11 से 13 मई तक सामान्यतः बादल छाए रहने और जम्मू और कश्मीर के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। विभाग द्वारा जारी एक सलाह में कश्मीर और जम्मू दोनों डिवीजनों में 10 मई की शाम/रात से 13 मई तक कुछ स्थानों पर गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

किसानों को मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए 10 मई तक कृषि कार्य जारी रखने की सलाह दी गई है। विभाग ने आगे कहा कि अगले तीन दिनों में कई स्थानों पर दिन का तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है जिसके बाद 13 मई तक इसमें 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता