home page

चैत्र नवरात्रि पर रेलवे का विशेष अभियान, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर फोकस

 | 
चैत्र नवरात्रि पर रेलवे का विशेष अभियान, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर फोकस


जम्मू, 21 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि के दौरान माता वैष्णो देवी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से 21 मार्च को जम्मू मंडल द्वारा जम्मू तवी रेलवे स्टेशन और श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर विशेष अभियान चलाया गया। सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचिता सिंघल के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स, टिकट चेकिंग स्टाफ और भारत स्काउट्स और गाइड्स के स्वयंसेवकों ने मिलकर व्यवस्थाओं को संभाला। अभियान के तहत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवकों ने प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को मार्गदर्शन दिया विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों की सहायता पर ध्यान केंद्रित किया गया। यात्रियों को फुटबोर्ड पर यात्रा न करने और चलती ट्रेन में चढ़ने से बचने जैसी महत्वपूर्ण सुरक्षा सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।

टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर सघन जांच अभियान चलाया गया जिसमें बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, ताकि आरक्षित श्रेणी के यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। लंबी कतारों से बचाने के लिए यात्रियों को रेलवन ऐप के उपयोग और डिजिटल भुगतान के फायदे बताए गए। साथ ही, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से यात्रियों से रेलवे संपत्ति को साफ रखने और वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील की गई।

स्टेशनों पर ‘हेल्प डेस्क’ भी स्थापित किए गए, जहां यात्रियों को हर प्रकार की जानकारी और सहायता प्रदान की गई। उचिता सिंघल ने कहा कि नवरात्रि के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होती है, ऐसे में रेलवे का उद्देश्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि हर श्रद्धालु की सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा