home page

'राही: हॉप जम्मू' बस सेवा से पर्यटन को मिली नई रफ्तार

 | 

जम्मू, 24 जुलाई (हि.स.)। हरि तारा चैरिटेबल ट्रस्ट एवं अमर महल संग्रहालय के ट्रस्टी मार्तंड सिंह ने अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए शुरू की गई 'राही: हॉप जम्मू' बस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से जम्मू शहर में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिली है। उन्होंने इस सेवा की परिकल्पना और सफल संचालन के लिए उपायुक्त जम्मू राकेश मिन्हास तथा जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड और जम्मू नगर निगम की टीम की प्रशंसा की।

मार्तंड सिंह ने कहा कि 1 जुलाई को शुरू हुई इस बस सेवा ने पर्यटकों के लिए जम्मू के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंच आसान बना दी है। इससे शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है जिसका सकारात्मक प्रभाव स्थानीय व्यापार और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों पर भी पड़ा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो सप्ताह के दौरान अमर महल संग्रहालय सहित कई प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आगंतुकों की संख्या लगभग दोगुनी हुई है। उनके अनुसार इस बढ़ोतरी में 'राही: हॉप जम्मू' बस सेवा की आसान और सुविधाजनक कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मार्तंड सिंह ने कहा कि यह पहल न केवल पर्यटकों और अमरनाथ यात्रियों के अनुभव को बेहतर बना रही है बल्कि जम्मू के पर्यटन तंत्र और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने जिला प्रशासन, जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड और जम्मू नगर निगम के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी पहलें जारी रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा