home page

ओपन जिला क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल संपन्न, विजेता टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं

 | 
ओपन जिला क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल संपन्न, विजेता टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं


कठुआ, 23 फरवरी (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ द्वारा सामाजिक कल्याण विभाग के सहयोग से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित ओपन जिला क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले जिले के विभिन्न उपमंडलों में उत्साहपूर्वक संपन्न हुए। इन मुकाबलों में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में रोमांचक खेल का प्रदर्शन किया।

बिलावर के भड्डू मैदान में खेले गए मैच में डेक्कन चार्जेस बिलावर ने ए.के. बिलावर को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बसोहली के मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में बसोहली टीम ने प्लासी टीम को पराजित कर अगला चरण सुनिश्चित किया। बनी के सरकारी डिग्री कॉलेज मैदान में टीम बनी ने बैकन टीम को हराकर जीत दर्ज की, जबकि हीरानगर में खेले गए मुकाबले में हीरानगर क्रिकेट क्लब ने मुकेश 11 क्रिकेट क्लब को पराजित कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना और खेलों के माध्यम से नशा मुक्त समाज का संदेश देना है। सभी विजेता टीमें अब 25 फरवरी 2026 को स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में होने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों में आमने-सामने होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया