एफएए परीक्षा विवाद पर पूर्णिमा शर्मा ने सरकार और जेकेएसएसबी को घेरा
जम्मू, 21 नवंबर (हि.स.)। भाजपा की वरिष्ठ नेता, प्रवक्ता एवं जम्मू की पूर्व डिप्टी मेयर एडवोकेट पूर्णिमा शर्मा ने फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट (एफएए) परीक्षा विवाद को लेकर उमर अब्दुल्ला सरकार और जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं और हाईटेक नकल के आरोपों ने हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के समर्थन में शर्मा ने कहा कि युवा वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं लेकिन ऐसी घटनाओं से उनका भरोसा व्यवस्था से उठ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से इस मामले में राजनीतिक जिम्मेदारी लेने और शिक्षा मंत्री से भी स्थिति पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार प्रशासनिक खामियों का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
शर्मा ने जेकेएसएसबी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कथित नकल गिरोह की निष्पक्ष और व्यापक जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में किसी भी अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी कोई रियायत नहीं बल्कि निष्पक्ष परीक्षा, पारदर्शिता और अपनी मेहनत के अनुरूप न्याय चाहते हैं। भाजपा इस मांग को लेकर अभ्यर्थियों के साथ खड़ी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

