नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई जारी: आईजीजी लस्सीपोरा में ज़ब्त ड्रग्स नष्ट किए गए
पुलवामा, 09 जुलाई (हि.स.)।कश्मीर क्राइम ब्रांच की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्लू) ने एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स कश्मीर के साथ मिलकर आज माननीय न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए आईजीसी लस्सीपोरा पुलवामा में बने इंसीनरेटर (भस्मक) में ज़ब्त नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित चीज़ों को नष्ट किया।
नष्ट की गई प्रतिबंधित चीज़ों में चरस, गांजा और साइकोट्रोपिक गोलियां शामिल थी जिन्हें एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स कश्मीर ने नशीले पदार्थों के खिलाफ़ अलग-अलग अभियानों के दौरान ज़ब्त किया था। इन्हें ड्रग डिस्पोज़ल कमेटी की देखरेख में वैज्ञानिक और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से जलाकर नष्ट किया गया।
इस नष्ट करने की प्रक्रिया की अध्यक्षता एसएसपी इकोनॉमिक ऑफेंस विंग कश्मीर और ड्रग डिस्पोज़ल कमेटी के चेयरमैन अब्दुल वहीद शाह ने की। इस दौरान कुबरा नज़ीर, अब्दुल बारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि नष्ट करने की यह प्रक्रिया तय कानूनी प्रक्रियाओं और अदालत के निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए पूरी की जाए।
यह पहल 'नशा मुक्त भारत अभियान' के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी मज़बूत करती है जिसका मकसद नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को रोकना और नशीले पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करना है। ज़ब्त किए गए नशीले पदार्थों को समय पर और कानूनी तरीके से नष्ट करके यह कदम उठाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

