मोदी सरकार के 12 साल, गांव-गांव तक विकास, हर नागरिक सशक्त-डॉ. जितेंद्र सिंह
कठुआ, 18 जून (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश के हर गांव और हर नागरिक को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।
जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के गांव खिलोचक में 12 साल बेमिसाल कार्यक्रम के तहत आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शिता जवाबदेही और तकनीक आधारित शासन के माध्यम से योजनाओं को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया है जिससे जनता का विश्वास मजबूत हुआ है और जीवन स्तर में सुधार आया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर को नए भारत की सफलता की मिसाल बताते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है। कठुआ को विकास का प्रवेश द्वार बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां के गांव अब तेजी से सामाजिक-आर्थिक बदलाव की ओर बढ़ रहे हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि पिछले वर्षों में लागू की गई योजनाओं ने महिलाओं, युवाओं, किसानों और कमजोर वर्गों को सशक्त किया है। उन्होंने लोगों से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक जसरोटा राजीव जसरोटिया ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में जसरोटा के ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार से लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार और डॉ. जितेंद्र सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास की गति लगातार तेज हो रही है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में डॉ. भारत भूषण सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

