home page

धार महानपुर में जनसुनवाई-डीसी कठुआ ने सुनीं समस्याएं, नशा मुक्त रैली में उमड़ा जनसैलाब

 | 
धार महानपुर में जनसुनवाई-डीसी कठुआ ने सुनीं समस्याएं, नशा मुक्त रैली में उमड़ा जनसैलाब


कठुआ, 18 अप्रैल (हि.स.)। डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने धार महानपुर में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया। लोगों ने खोली तलईदृकठाम सड़क की खराब स्थिति, लंबित मुआवजा, नैली-कठाम सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाएं और बिजली ढांचे के उन्नयन की मांग रखी।

कार्यक्रम में विधायक बसोहली दर्शन सिंह ने बताया कि स्कूल अपग्रेडेशन और स्टाफ की कमी के मुद्दे सरकार के समक्ष उठाए गए हैं। उन्होंने जल जीवन मिशन से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया और एंबुलेंस व अन्य विकास कार्यों की घोषणा की।

उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को स्टाफ की तैनाती संतुलित करने के निर्देश दिए, वहीं पशुपालन विभाग ने मौके पर ही पशु चिकित्सक की तैनाती कर दी। सड़क कटाव रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने और बैंक शाखा खोलने के प्रस्ताव पर भी कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत एक विशाल जागरूकता रैली भी निकाली गई जिसमें युवाओं, महिलाओं और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उपायुक्त ने सभी को नशा मुक्त रहने की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के अंत में धार महानपुर में 6 लाख रुपये की लागत से स्थापित ऑटोमेटिक मिल्क कलेक्शन यूनिट का उद्घाटन भी किया गया जिससे स्थानीय डेयरी किसानों को लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया