home page

जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान-एसडीएम संदीप शर्मा

 | 
जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान-एसडीएम संदीप शर्मा


बनी, 30 सितंबर (हि.स.)। सेवा पर्व-2026 के तहत बनी के सियारा में बुधवार को पब्लिक दरबार आयोजित किया गया। एसडीएम बनी संदीप कुमार शर्मा जेकेएएस ने स्थानीय लोगों और पूर्व पंचायती राज प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

दरबार में सड़क संपर्क, बिजली आपूर्ति, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए। चल्ला में पेयजल की समस्या तथा बिजली आपूर्ति को लेकर लोगों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। पूर्व सरपंच सियारा किरण कुमारी ने भी पंचायत से संबंधित विभिन्न समस्याएं एसडीएम के समक्ष रखीं।

एसडीएम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे जन संवाद कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जनता दरबार के बाद एसडीएम ने राजकीय हाई स्कूल सियारा का निरीक्षण कर शिक्षकों और विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने विशेष रूप से नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों को पढ़ाई, अनुशासन, करियर योजना और व्यक्तित्व विकास को लेकर उपयोगी मार्गदर्शन दिया। इसके बाद उन्होंने मेडिकल सब-सेंटर सियारा का निरीक्षण कर स्टाफ और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र के मौजूदा भवन की खराब स्थिति बताते हुए नए भवन के निर्माण की मांग रखी। एसडीएम ने मौके पर ही पीडब्ल्यूडी के एईई को मामले की जांच कर नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया