home page

भाजपा का प्रशिक्षण महाभियान, संगठन सुदृढ़ीकरण पर जोर, ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026’ के तहत कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण

 | 
भाजपा का प्रशिक्षण महाभियान, संगठन सुदृढ़ीकरण पर जोर, ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026’ के तहत कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण


जम्मू, 26 फ़रवरी (हि.स.)। श्रीनगर के अमर सिंह क्लब में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026’ के अंतर्गत श्रीनगर, अनंतनाग और बारामूला जिलों के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, जिला प्रतिनिधियों और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला को विधायक एवं महाभियान के जोनल सह-संयोजक अजय महावर तथा जम्मू-कश्मीर भाजपा के संगठन महासचिव अशोक कौल ने संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष शहनाज़ गनई, राज्य सचिव आरिफ राजा, मुदासिर वानी (कार्यक्रम प्रभारी), साजिद यूसुफ शाह (सह-प्रभारी), सोफी यूसुफ और डॉ. अली मोहम्मद मीर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

अजय महावर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक अनुशासित और वैचारिक आधार पर खड़ी कैडर आधारित पार्टी है, जिसकी प्रेरणा अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम के सिद्धांतों से मिलती है। उन्होंने संगठनात्मक ढांचे, प्रभावी संवाद, जनसंपर्क रणनीति और जनप्रतिनिधियों की सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में राजनीतिक परिपक्वता, नेतृत्व क्षमता और जवाबदेही की भावना विकसित होती है।

अशोक कौल ने महाभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने समन्वय, समर्पण और वैचारिक स्पष्टता को सफल क्रियान्वयन की कुंजी बताया तथा कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय और सामाजिक मुद्दों पर सजग रहने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा