अयोध्या राम मंदिर दान राशि मामले को लेकर प्रदर्शन, जम्मू में हुई रामरक्षा महाआरती
जम्मू, 05 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या श्रीराम मंदिर की दान राशि में कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने जम्मू में विशेष 'रामरक्षा महाआरती' का आयोजन किया। पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने किया।
पुरानी मंडी स्थित ऐतिहासिक राम मंदिर में आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में शिवसैनिकों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम से प्रार्थना करते हुए मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और सत्य सामने आने की कामना की।
मीडिया से बातचीत करते हुए मनीष साहनी ने कहा कि यह महाआरती केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि मंदिरों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता, शुचिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण के लिए देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था और सहयोग दिया है इसलिए दान राशि से जुड़े किसी भी आरोप की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।
साहनी ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर से नकदी, चांदी, आभूषण तथा करोड़ों रुपये मूल्य की अन्य सामग्री के कथित रूप से गायब होने के मामले सामने आए हैं। उन्होंने इन आरोपों की विस्तृत और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि दान राशि या मंदिर की संपत्ति में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और धार्मिक सेवा में योगदान के लिए महामंडलेश्वर श्री महंत रामेश्वर दास जी महाराज को 'जम्मू योद्धा' सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर सजीव कोहली, संजय भट्ट, आर. जे. सिंह, आदित्य महाजन, जसबीर सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

