home page

हंदवाड़ा में मादक पदार्थों के व्यापार से प्राप्त धन से र्निर्मित संपत्ति जब्त

 | 

हंदवाड़ा, 3 नवंबर (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता नीति के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हंदवाड़ा के लंगेट निवासी मेहराज-उद-दीन गोजरी के आवासीय मकान को जब्त करके मादक पदार्थों के नेटवर्क को करारा झटका दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि इस गहन कार्रवाई का उद्देश्य न केवल अपराधियों को गिरफ्तार करना है बल्कि मादक पदार्थों के व्यापार को समर्थन देने वाले वित्तीय ढांचे को भी ध्वस्त करना है। उन्होंने बताया कि जब्त की गई संपत्ति की पहचान मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से प्राप्त धन से किए गए नवीनीकरण के रूप में हुई है जो अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को निशाना बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी हंदवाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर संख्या 05/2022 (एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत) में शामिल है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दोहराया है कि नशीली दवाओं से संबंधित गतिविधियों से प्राप्त किसी भी संपत्ति पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और नशीली दवाओं के नेटवर्क की आर्थिक रीढ़ को कुचलने के लिए ऐसे उपाय लगातार जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता