home page

जम्मू में बगलामुखी जयंती को लेकर मंदिरों में तैयारियां तेज

 | 

जम्मू, 23 अप्रैल (हि.स.)। वैशाख शुक्ल अष्टमी के पावन अवसर पर 24 अप्रैल को मनाई जा रही मां बगलामुखी जयंती को लेकर जम्मू शहर के विभिन्न मंदिरों में तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों में साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंदिर समितियों द्वारा इस अवसर पर भंडारों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए तरी-पुरी और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। सुबह से ही पूजा-अर्चना, हवन और मंत्र जाप का सिलसिला शुरू होगा, जबकि रात्रि में विशेष साधना और आरती का आयोजन किया जाएगा।

धार्मिक विद्वानों के अनुसार मां बगलामुखी की पूजा शत्रु बाधा से मुक्ति और सफलता प्राप्ति के लिए विशेष फलदायी मानी जाती है। इस दिन पीले वस्त्र और हल्दी का विशेष महत्व होता है, जिसे ध्यान में रखते हुए मंदिरों को पीले रंग की सजावट से सजाया जा रहा है। उधर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग भी इस धार्मिक आयोजन को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं। प्रमुख मंदिरों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है।

श्रद्धालुओं में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसके साथ ही इस दिन माता जानकी (सीता) जयंती का भी संयोग बन रहा है, जिससे धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा