कठुआ में चंडी माता छड़ी यात्रा के स्वागत को लेकर तैयारी तेज, बैठक में बनी रणनीति
कठुआ, 07 अप्रैल (हि.स.)। वार्षिक चंडी माता छड़ी यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारियों को लेकर श्री दुर्गा माता मंदिर कठुआ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जम्मू से बनी तक जाने वाली इस पवित्र यात्रा के दौरान कठुआ में श्रद्धालुओं के स्वागत को और अधिक सुव्यवस्थित व भव्य बनाना रहा।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पिछले वर्ष की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए इस बार उनमें सुधार लाने पर जोर दिया। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और यात्रा को सुगम एवं यादगार बनाया जाएगा। इस अवसर पर पंडित केशव जी, सुषमा महाजन, बेबी रानी, कविता गुप्ता, तारा चंद, संजय बजरंगी, संजीव सैंडी, बंटी कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा ट्रस्ट के अधिकारीगण विशेष रूप से जम्मू से कठुआ पहुंचे, जिनमें अनिल गुरु, संतोष, नरेंद्र और होशियार सिंह शामिल रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने मिलकर यात्रा के सफल आयोजन हेतु आपसी समन्वय और सहयोग से कार्य करने का भरोसा दिलाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

