home page

आपदा प्रबंधन, फर्स्ट एड और अग्निशमन तकनीकों का दिया जाएगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

 | 
आपदा प्रबंधन, फर्स्ट एड और अग्निशमन तकनीकों का दिया जाएगा व्यावहारिक प्रशिक्षण


जम्मू, 24 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू के सैनिक कॉलोनी स्थित गैलेक्सी पैरामेडिकल कॉलेज में सिविल डिफेंस का पांच दिवसीय बेसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। यह प्रशिक्षण उप नियंत्रक सिविल डिफेंस, जम्मू की देखरेख तथा डिप्टी चीफ वार्डन आर. विजय मगोत्रा के समन्वय से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर में कॉलेज के 100 छात्र-छात्राएं और स्टाफ सदस्य भाग ले रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, रेस्क्यू ऑपरेशन, फर्स्ट एड, अग्निशमन और जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण देना है। विशेष रूप से हवाई हमलों तथा प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के दौरान बचाव एवं निवारक उपायों की जानकारी दी जाएगी।

कॉलेज के प्रबंध निदेशक संजीव मनमोत्रा ने सिविल डिफेंस टीम का स्वागत करते हुए इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्य वार्डन सिविल डिफेंस, जम्मू परमजीत कुमार ने अपने संबोधन में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और छात्रों को सिविल डिफेंस की भूमिका के प्रति जागरूक किया। डिप्टी चीफ वार्डन आर. विजय मगोत्रा ने सिविल डिफेंस वार्डन सेवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिविल डिफेंस राष्ट्रीय आपदा तैयारी प्रणाली का महत्वपूर्ण अंग है जिसका उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जान-माल के नुकसान को न्यूनतम करना है।

इस अवसर पर अश्वनी कुमार, प्रशिक्षण प्रशिक्षक परशोत्तम कुमार और राजिंदर कुमार सहित सिविल डिफेंस टीम के सदस्य उपस्थित रहे। कॉलेज के निदेशक शुभम मनमोत्रा ने औपचारिक स्वागत भाषण में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की उपयोगिता पर बल दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा