जीडीसी कठुआ में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित
कठुआ, 28 फरवरी (हि.स.)। सरकारी डिग्री काॅलेज कठुआ के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर सतत विकास के लिए विज्ञान, हरित रसायन विज्ञान और पर्यावरण को बढ़ावा देने विषय पर पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता आयोजित की गई। यह कार्यक्रम महान वैज्ञानिक डाॅ सीवी रमन के सम्मान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. मनोहर लाल मुख्य अतिथि रहे। प्रतियोगिता में सेमेस्टर 2, 4, 6 और 8 के कुल 59 विद्यार्थियों ने भाग लेकर ग्रीन केमिस्ट्री, 3 आर सिद्धांत, बायोप्लास्टिक, बायोडीजल और नैनो केमिस्ट्री जैसे विषयों पर पोस्टर प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में डॉ. राम मूर्ति शर्मा, डॉ. मोहन सिंह पठानिया और प्रो. सुमनेश जसरोटिया शामिल रहे। प्रतियोगिता में तानिया राजपूत ने प्रथम, सानिया बिलावरिया ने द्वितीय और अंजली हंसा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का आयोजन रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. राकेश सिंह (विभागाध्यक्ष) सहित अन्य संकाय सदस्यों द्वारा किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

