home page

जम्मू-कश्मीर में 4 दिसंबर से मौसम में बदलाव आने की संभावना, मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में हाेगी हल्की से मध्यम बर्फबारी

 | 

श्रीनगर, 28 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में 4 दिसंबर से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है। यात्रियों और परिवहनकर्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं।

श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने नए मौसम पूर्वानुमान में कहा है कि 28 से 30 नवंबर तक जम्मू और कश्मीर में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। 1 से 3 दिसंबर तक आमतौर पर शुष्क मौसम रहने की उम्मीद है हालांकि 3 दिसंबर को बादल छाए रह सकते हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र ने 4 से 6 दिसंबर तक आमतौर पर बादल छाए रहने, मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

7 से 8 दिसंबर तक भी इसी तरह की स्थिति रहने की संभावना है। आमतौर पर बादल छाए रहेंगे, मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होगी और जम्मू और कश्मीर के कई स्थानों पर ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

जम्मू-कश्मीर मौसम विज्ञान केंद्र ने अपनी सलाह में कहा है कि कश्मीर मंडल के अधिकांश जिलों में 3 दिसंबर तक आमतौर पर ठंड और शुष्क मौसम रहने की संभावना है। इसमें आगे चेतावनी दी गई है कि 4-6 दिसंबर और 7-8 दिसंबर के दौरान ऊंचे इलाकों और महत्वपूर्ण पहाड़ी दर्रों की सड़कों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी से यातायात बाधित हो सकता है।

यात्रियों और परिवहनकर्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बनाएं और पूर्वानुमान अवधि के दौरान सतर्क रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता