home page

आम लोगों को दबाने के लिए राजनीतिक सत्ता का हो रहा दुरुपयोग : महराज मलिक

 | 

जम्मू, 28 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय से लोक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत हिरासत रद्द किए जाने के एक दिन बाद डोडा पूर्व के विधायक महराज दीन मलिक ने मंगलवार को आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर मानवता का संहार हो रहा है। आम लोगों को दबाने के लिए राजनीतिक सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है।

विधायक मलिक ने आठ महीने जेल में बिताने के बाद कहा कि कारावास के बावजूद उनकी सोच में कोई बदलाव नहीं आया है। विधायक ने सरकार के नशामुक्ति अभियान को एक गहरे संकट का मुखौटा बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि जेल में अपने आठ महीनों के दौरान जम्मू-कश्मीर के स्कूलों, छात्रावासों या विधानसभाओं में कोई सुधार नजर नहीं आया। यह कहते हुए कि उनके विचारों को कैद नहीं किया जा सकता। मलिक ने कहा कि वे भूल गए हैं कि वे महाराज के विचारों को कैद नहीं कर सकते क्योंकि यही मानवता की मांग है।

विधायक ने युवाओं से राजनीति से दूर न रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राजनीति के बिना हमारा भविष्य बेहतर नहीं हो सकता। दुनिया के बड़े-बड़े युद्धों को देखिए। ट्रंप का एक ट्वीट आता है और युद्ध समाप्त हो जाता है। यही राजनीति है। हम उस राजनीति से बहुत दूर हैं। जब मुझ जैसा कोई व्यक्ति राजनीति में आता है तो उसे जेल जाना पड़ता है। अन्य कैदियों का जिक्र करते हुए मलिक ने कहा कि आज मैं यहां इसलिए हूं, क्योंकि मैं विधायक हूं। एक आम आदमी जेल में है। उनसे मिलने कोई नहीं आता। उनके परिवार वालों को नहीं पता कि उनके लोग कहां हैं। यह समय का खेल है। हमें मिलकर इस लड़ाई को लड़ना होगा और जीतना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता