कठुआ में पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा रैली
कठुआ, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जेएंडके पुलिस कठुआ ने सिविल प्रशासन के सहयोग से हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया। रैली जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर डीपीएल कठुआ में संपन्न हुई।
रैली में डीसी कठुआ राजेश शर्मा, एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा, एएसपी सुनील केसरी, डीएसपी मुख्यालय रविंद्र सिंह, डीएसपी डीएआर भगवान दास सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। विभिन्न सरकारी व निजी स्कूलों के विद्यार्थियों तथा शहर के नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और देशभक्ति के नारे लगाए। रैली का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई तीन मानव आकृतियां रहीं। इनमें 150 से वंदे मातरम् के 150 वर्ष, इंडिया से राष्ट्र के प्रति एकता और 80 से स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ का संदेश दिया गया। रैली ने कठुआ में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को प्रदर्शित किया तथा युवाओं को देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

