home page

राजौरी में वाहन छोड़ने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में पुलिस हेड कांस्टेबल गिरफ्तार

 | 

राजौरी, 04 अप्रैल (हि.स.)। भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को राजौरी जिले के थानामंडी पुलिस स्टेशन के एक हेड कांस्टेबल को 10,000 रुपये की रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान थानामंडी पुलिस स्टेशन में तैनात हेड कांस्टेबल मोहम्मद इलियास के रूप में हुई है। यह कार्रवाई रियासी निवासी अब्दुल हामिद की शिकायत के बाद की गई जिन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी दुर्घटनाग्रस्त वाहन को छोड़ने के बदले पैसे मांग रहा था। यह मामला इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसने पहले ही 5,000 रुपये दे दिए थे लेकिन उस पर अतिरिक्त 10,000 रुपये देने का दबाव डाला जा रहा था जिसके कारण उसने एसीबी से संपर्क किया।

शिकायत के अनुसार दुर्घटना तब हुई जब अब्दुल हामिद शाहदरा शरीफ जा रहे थे। उन्होंने बताया कि मैंने पहले ही 5,000 रुपये दे दिए थे। अब जांच अधिकारी 10,000 रुपये और मांग रहा था। मुझे बताया गया कि अगर मैंने पैसे नहीं दिए तो वे मामले को लंबा खींचेंगे और मेरा वाहन नहीं छोड़ा जाएगा। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसे बहुत उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। शिकायत के बाद एसीबी ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले में आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता