home page

वाहन चोरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार-9 मोटरसाइकिल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार

 | 
वाहन चोरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार-9 मोटरसाइकिल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार


कठुआ, 08 अप्रैल (हि.स.)। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के नेतृत्व में जिला कठुआ में वाहन चोरी के मामलों पर सख्ती दिखाते हुए कठुआ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार बीते 03 अप्रैल 2026 को देविंदर कुमार निवासी छपाकी कलां तहसील हीरानगर ने थाना कठुआ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल नंबर जेके08जी-3139, जो एके गुप्ता अस्पताल के पास खड़ी थी, अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। इस संबंध में थाना कठुआ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान थाना प्रभारी इआशीष शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार केसर और डीएसपी मुख्यालय रविंदर सिंह की निगरानी में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों द्वारका प्रसाद निवासी ढलोटी तहसील मढ़हीन और केशव शर्मा निवासी मीरपुर ढलोटी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता कबूल की, जिसके बाद पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल सहित कुल 9 मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। अन्य 8 मोटरसाइकिलों को भी चोरी का होने की आशंका में जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक कठुआ के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरी के मामलों को सुलझाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत 112 या 9858034100 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया