home page

जम्मू में ड्रग सप्लाई चेन का भंडाफोड़, हेरोइन और नकदी के साथ तीन गिरफ्तार

 | 

जम्मू, 06 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने जम्मू शहर में ड्रग्स बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार करके ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। उनके पास से हेरोइन, इलेक्ट्रॉनिक वज़न करने वाली मशीनें, कैश और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि चन्नी हिम्मत में एक ट्रैफिक नाके पर रूटीन चेकिंग के दौरान महिंद्रा थार गाड़ी को रोका गया था। गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस को दो सिरिंज मिलीं, एक में संदिग्ध नशीला पदार्थ भरा था और दूसरी खाली थी। अधिकारियों ने बताया कि पुंछ जिले के मेंढर निवासी ड्राइवर मोहम्मद ताबिश सलीम की तलाशी लेने पर हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि गाड़ी में साथ बैठे मोहम्मद इरफान के पास से भी हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने चन्नी हिम्मत पुलिस स्टेशन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए गुरुवार को चन्नी रामा के रहने वाले एजाज़ चौधरी उर्फ अज्जू को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की तलाशी लेने पर दो इलेक्ट्रॉनिक वज़्न करने वाली मशीनें, छह मोबाइल फ़ोन, 28,000 रुपये नकद और एक सिरिंज बरामद हुई, जिन्हें सबूत के तौर पर ज़ब्त कर लिया गया। पुलिस ने कहा कि नशीले पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े आगे और पीछे के कनेक्शन का पता लगाने और अवैध ड्रग्स के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिशें की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता