home page

जम्मू : दुकान में लाखों की चोरी का सुलझा, कर्मचारी समेत तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 

जम्मू, 27 जून (हि.स.)। जम्मू के छन्नी थाना क्षेत्र में गत दिनों एक दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दुकान के एक कर्मचारी सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.10 लाख रुपये नकद और चोरी की गई पांच एलईडी लाइटें भी बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, चोरी की शिकायत मिलने के बाद छन्नी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने दुकान के एक कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान कर्मचारी ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने दो साथियों के नाम भी बताए। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर दोनों आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धर्मेंद्र कुमार (दुकान कर्मचारी), मनीश कुमार और सागर कुमार के रूप में हुई है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई पांच एलईडी लाइटें तथा 1,10,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपितों से पूछताछ के आधार पर चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता