त्रिजंक्शन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सेना व सीआरपीएफ ने किया संयुक्त मंथन
रियासी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सुंदरबनी त्रिजंक्शन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और आपसी समन्वय को मजबूत करने के लिए सोमवार को संयुक्त सुरक्षा समीक्षा-सह-समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज शिव कुमार शर्मा आईपीएस और डीआईजी राजौरी-पुंछ रेंज संदीप वजीर आईपीएस ने की। बैठक में पुलिस सेना और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान त्रिजंक्शन क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, जवानों की तैनाती तथा सुरक्षा इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने उभरती सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अंतर-जिला समन्वय, सूचनाओं के आदान-प्रदान और परिचालन तैयारियों को और मजबूत करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी तालमेल बनाए रखने, क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने तथा किसी भी स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्रिजंक्शन क्षेत्र में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच निरंतर समन्वय आवश्यक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

