‘ग्रीन कैंपस फॉर क्लीन एयर’ अभियान के तहत पौधारोपण
जम्मू, 03 अप्रैल (हि.स.)। वायु प्रदूषण से निपटने और कश्मीर की हरित विरासत को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए पारस हेल्थ और कश्मीर कंसर्न ने ‘ग्रीन कैंपस फॉर क्लीन एयर’ अभियान को गांदरबल जिले तक विस्तार दिया। इस पहल के तहत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस चरण में पांच सरकारी स्कूलों और गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज गंदरबल में 50 चिनार के पौधे लगाए गए जो कश्मीर की पारिस्थितिक और सांस्कृतिक पहचान माने जाते हैं। इसके साथ ही फलदार और छायादार प्रजातियों के सैकड़ों अन्य पौधे भी रोपे गए।
अभियान में छात्रों, शिक्षकों, पर्यावरण कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह पौधारोपण रेयान पब्लिक स्कूल, रिवर हिल एजुकेशन इंस्टीट्यूट, गवर्नमेंट मिडिल स्कूल हकीम गुंड समेत अन्य संस्थानों में किया गया। अभियान का नेतृत्व कर रहे डॉ. तौसीफ भट ने कहा कि चिनार केवल एक पेड़ नहीं बल्कि कश्मीर की जीवित धरोहर है। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराना और हर शैक्षणिक परिसर को “ग्रीन लंग” बनाना है।
वहीं पारस हेल्थ के प्रवक्ता ने कहा कि वायु गुणवत्ता का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है और यह अभियान प्रदूषण से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय स्कूलों और पॉलिटेक्निक कॉलेज के स्टाफ ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ये पेड़ भविष्य में छाया देने के साथ-साथ पर्यावरण शिक्षा का भी माध्यम बनेंगे। गौरतलब है कि ‘ग्रीन कैंपस फॉर क्लीन एयर’ अभियान के तहत पहले ही कश्मीर के कई जिलों में पौधारोपण किया जा चुका है। अब गांदरबल के बाद बडगाम, बारामुला और अनंतनाग में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

