अवैध खनन व बढ़ते नशे पर भड़के लोग, सिस्टम पर उठाए गंभीर सवाल
कठुआ, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिला मुख्यालय से करीब 10-12 किलोमीटर दूर कंडी क्षेत्र के गांव सहार, लोगेट, बरवाल सहित कई इलाकों के सरपंचों, पंचों और स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल अपनी समस्याओं को लेकर जिला सचिवालय पहुंचा और उपायुक्त कठुआ से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि करीब एक माह पहले भी वे इन्हीं मुद्दों को लेकर प्रशासन से मिले थे, लेकिन आश्वासन के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों की मुख्य मांगों में कंडी क्षेत्र में बढ़ते नशे और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई शामिल है। इस दौरान लोगों ने प्रशासन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि अब उन्हें यह समझ आ गया है कि “पूरा सिस्टम भ्रष्ट है और अवैध गतिविधियों में लिप्त है,” जिसके चलते इन पर लगाम नहीं लग पा रही। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि हर मुद्दे के लिए लोगों को सड़कों पर उतरना पड़े, तो फिर जिला सचिवालय में बैठे अधिकारियों की क्या भूमिका है।
पूर्व सरपंच परषोत्तम सिंह भोली ने माइनिंग विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी अवैध खनन की शिकायत की जाती है, तो संबंधित अधिकारी टालमटोल भरे जवाब देते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान यह दर्शाते हैं कि विभागीय स्तर पर गंभीरता की कमी है। प्रतिनिधिमंडल ने जनप्रतिनिधियों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान भी इन जमीनी मुद्दों को नहीं उठाया जा रहा, जिससे लोगों को अपने हक के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने पिछले वर्ष आई बाढ़ और आपदा का जिक्र करते हुए चेतावनी दी कि यदि अवैध खनन पर रोक नहीं लगी, तो आने वाले समय में और बड़ी तबाही हो सकती है। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण हजारों कनाल कृषि भूमि बह गई और करोड़ों का नुकसान हुआ, बावजूद इसके अब तक लोगेट पुल बंद पड़ा है और अवैध खनन जारी है। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और सरकार की ओर से केवल प्रदर्शन के समय ही हलचल दिखाई देती है, इसके बाद फिर सब कुछ ठंडे बस्ते में चला जाता है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि अवैध खनन, बढ़ते और अन्य समस्याओं पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए, अन्यथा आने वाले समय में बड़ा जन आंदोलन छेड़ा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

