home page

पीडीपी और अपनी पार्टी ने श्रीनगर में बिजली दरों में बढ़ोतरी का विरोध किया और वापसी की मांग की

 | 

श्रीनगर, 24 अगस्त (हि.स.)। अपनी पार्टी और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को श्रीनगर में बिजली दरों में 6.83 प्रतिशत की बढ़ोतरी के खिलाफ अलग-अलग प्रदर्शन किए और इस फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की।

अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रेस कॉलोनी में प्रदर्शन किया जबकि पीडीपी कार्यकर्ताओं ने श्रीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और दरों में वृद्धि को आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बताया। यह प्रदर्शन संयुक्त विद्युत नियामक आयोग (जेईआरसी) द्वारा जम्मू और कश्मीर में बिजली दरों में औसतन 6.83 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी देने के विरोध में किया गया है। संशोधित दरें 1 सितंबर से लागू होनी हैं।

प्रदर्शनकारियों में से एक ने कहा कि बिजली की लगातार समस्या होने के बावजूद वे पहले से ही अधिक बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों को राहत देने के बजाय टैरिफ बढ़ा दिया है। हम मांग करते हैं कि यह फैसला वापस लिया जाए। एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों पर पड़ेगा। हम पहले से ही बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं और बिजली के बिलों में बढ़ोतरी से हमारा बोझ और बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत यह बढ़ोतरी वापस लेनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता